फतेहपुर में ड्राइविंग लाइसेंस विशेष शिविर, पहले दिन 73 आवेदकों को मिला लर्निंग लाइसेंस
जामताड़ा। परिवहन विभाग के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न प्रखंडों में आयोजित ड्राइविंग लाइसेंस विशेष शिविर के तहत गुरुवार को फतेहपुर प्रखंड कार्यालय में पहले दिन कुल 106 आवेदन प्राप्त हुए। सभी आवेदनों की आवश्यक दस्तावेजों के आधार पर जांच एवं सत्यापन किया गया। निर्धारित प्रक्रिया के तहत आयोजित टेस्ट में सफल 73 पात्र आवेदकों को लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस जारी किया गया, जबकि 33 आवेदक टेस्ट में सफल नहीं हो सके।
शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लेकर ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए आवेदन जमा किए। पूरे आयोजन के दौरान दस्तावेजों की जांच, सत्यापन एवं टेस्ट की प्रक्रिया सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई गई। मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रेम कुमार दास, मोटर वाहन निरीक्षक बरकत अंसारी तथा परिवहन कार्यालय के कर्मी उपस्थित रहे और शिविर के संचालन में सहयोग किया।
जिला परिवहन पदाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि जिले के सभी प्रखंडों एवं पंचायतों में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चरणबद्ध तरीके से विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों को ड्राइविंग लाइसेंस की सुविधा उनके क्षेत्र में ही उपलब्ध हो सके। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि निर्धारित तिथि एवं स्थान पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं।








