जामताड़ा पुलिस ने साइबर ठगी के आरोप में एक आरोपी को किया गिरफ्तार
जामताड़ा: जामताड़ा पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर करमाटांड़ थाना क्षेत्र के ग्राम तेलकियारी में छापेमारी कर साइबर ठगी में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मितम यादव (28 वर्ष), पिता सागर यादव, निवासी तेलकियारी, थाना करमाटांड़, जिला जामताड़ा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी बिजली उपभोक्ताओं को बिजली बिल अपडेट करने के नाम पर फर्जी APK फाइल भेजता था। उपभोक्ताओं से यह फाइल इंस्टॉल कराने के बाद उनके मोबाइल की जानकारी हासिल कर बिजली बिल भुगतान के बहाने साइबर ठगी की जाती थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह देश के विभिन्न राज्यों के लोगों को निशाना बनाता था।
छापेमारी के दौरान आरोपी के पास से चार मोबाइल फोन, सात सिम कार्ड, चार एटीएम कार्ड तथा 31 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। मामले में साइबर अपराध थाना में कांड संख्या 46/26, दिनांक 24 जुलाई 2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम तथा दूरसंचार अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस का कहना है कि बरामद डिजिटल उपकरणों की जांच की जा रही है, ताकि साइबर ठगी के नेटवर्क और अन्य संभावित आरोपियों की पहचान की जा सके। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।








