जामताड़ा में जिला निर्वाचन पदाधिकारी एवं उपायुक्त आलोक कुमार ने विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में समाहरणालय परिसर स्थित ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, अभिलेखों के संधारण और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की गई।
निरीक्षण के क्रम में ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों से संबंधित पंजी, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, परिसर की साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं बनाए रखने तथा आवश्यक दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए ईवीएम और वीवीपैट मशीनों का सुरक्षित संरक्षण बेहद महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नियमित अंतराल पर वेयरहाउस का निरीक्षण किया जाता है।
जिला प्रशासन ने बताया कि निर्वाचन आयोग के प्रावधानों के अनुसार प्रत्येक माह वेयरहाउस के बाहरी हिस्से तथा प्रत्येक तीन माह में अंदरूनी हिस्से का निरीक्षण कर विस्तृत प्रतिवेदन संबंधित विभाग को भेजा जाता है। निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी, अग्निशमन विभाग के अधिकारी तथा विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।








