गोड्डा जिले के बसंतराय प्रखंड में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के निर्देशानुसार ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) के प्रभावी निर्माण और क्रियान्वयन के लिए ग्राम पंचायत सहजकर्ता दल का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। प्रशिक्षण का उद्देश्य पंचायतों को सहभागी, योजनाबद्ध और स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास योजनाएं तैयार करने के लिए सशक्त बनाना है।
प्रशिक्षण के पहले दिन प्रतिभागियों को ग्राम पंचायत विकास योजना की अवधारणा, ग्राम सभा की भूमिका, सहभागी योजना निर्माण, पंचायत स्तर पर उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग, विभिन्न विभागों के अभिसरण तथा जनभागीदारी के माध्यम से विकास योजनाएं तैयार करने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही पंचायत स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और समन्वय के व्यावहारिक पहलुओं से भी अवगत कराया गया।
प्रशिक्षण का संचालन जिला समन्वयक जल जीवन मिशन, प्रखंड समन्वयक और विशेषज्ञ प्रशिक्षकों ने किया। उन्होंने जल संरक्षण, स्वच्छता, पेयजल प्रबंधन तथा सतत ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। प्रतिभागियों ने भी अपने अनुभव साझा किए और पंचायत स्तर पर बेहतर विकास योजना तैयार करने के संबंध में मार्गदर्शन प्राप्त किया।
प्रशिक्षण के दूसरे दिन समूह कार्य, कार्ययोजना निर्माण और ग्राम पंचायत विकास योजना की व्यावहारिक प्रक्रिया का अभ्यास कराया जाएगा। कार्यक्रम में पंचायत सचिव, मुखिया, वार्ड सदस्य, जलसहिया, जेएसएलपीएस की दीदियां तथा ग्राम पंचायत सहजकर्ता दल के सदस्य शामिल हुए।









