झारखंड दौरे पर आए फिल्म एवं टेलीविजन अभिनेता जावेद पठान ने गुरुवार को झारखंड विधानसभा का भ्रमण किया और विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान हुई औपचारिक बातचीत में उन्होंने अपने अभिनय सफर के अनुभव साझा किए। अध्यक्ष ने उन्हें शॉल और स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर विधायक मथुरा प्रसाद महतो और मोहम्मद ताजुद्दीन भी उपस्थित रहे।
धनबाद निवासी जावेद पठान के पिता बीसीसीएल में कार्यरत थे। उन्होंने हिंदी फिल्मों, टेलीविजन धारावाहिकों, संगीत एलबमों, विज्ञापनों और वेब सीरीज़ में अभिनय कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने बताया कि धारावाहिक देवों के देव महादेव से उन्हें व्यापक पहचान मिली, जबकि जोधा अकबर ने उन्हें टेलीविजन उद्योग में स्थापित अभिनेता के रूप में पहचान दिलाई। अब तक वे 2 फिल्मों, 18 टीवी धारावाहिकों और ज़ी म्यूज़िक के 3 संगीत एलबमों में काम कर चुके हैं। उनकी दो नई फिल्में जल्द रिलीज़ होने वाली हैं।
जावेद पठान ने कहा कि झारखंड प्राकृतिक सौंदर्य, सांस्कृतिक विविधता और फिल्मांकन के लिए उपयुक्त स्थलों से समृद्ध राज्य है। उन्होंने धनबाद, पारसनाथ और तोपचांची क्षेत्र को पर्यटन, निवेश और फिल्म निर्माण की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया। साथ ही राज्य सरकार के फिल्म संस्थान स्थापित करने के निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि इससे युवाओं के लिए मनोरंजन उद्योग में नए अवसर उपलब्ध होंगे। विधानसभा अध्यक्ष ने उनके योगदान की सराहना करते हुए आगामी फिल्मों और धारावाहिकों के लिए शुभकामनाएं दीं।









