राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव 2026 की दूसरी सोमवारी पर बाबा बासुकीनाथ के दरबार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किए और श्रद्धा के साथ जलार्पण किया। मेला क्षेत्र में बनाए गए जलार्पण काउंटर श्रद्धालुओं के लिए खास सुविधा साबित हुए।
जलार्पण काउंटर पर लगे एलईडी स्क्रीन के माध्यम से श्रद्धालुओं को बाबा बासुकीनाथ का लाइव दर्शन कराया जा रहा है। श्रद्धालु स्क्रीन पर बाबा के दर्शन करते हुए जल अर्पित कर रहे हैं, जिससे उन्हें बिना लंबी कतार में लगे पूजा और जलार्पण का अवसर मिल रहा है।
यह व्यवस्था बुजुर्गों, छोटे बच्चों के साथ आने वाले परिवारों और लंबे समय तक कतार में खड़े रहने में असमर्थ श्रद्धालुओं के लिए विशेष रूप से उपयोगी रही। काउंटरों पर सुरक्षा बलों की तैनाती भी की गई, जिससे श्रद्धालुओं की आवाजाही और जलार्पण व्यवस्था सुचारु बनी रही।
मेला क्षेत्र में कहीं श्रद्धालु प्रत्यक्ष दर्शन के लिए कतार में आगे बढ़ते नजर आए, तो कहीं एलईडी स्क्रीन के जरिए बाबा का दर्शन करते हुए जल अर्पित करते दिखे। इससे आस्था के साथ सुविधा का भी बेहतर समन्वय देखने को मिला।
जिला प्रशासन की ओर से श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न व्यवस्थाएं की गई हैं। जलार्पण काउंटर और लाइव दर्शन की सुविधा इसी पहल का हिस्सा है, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित तरीके से बाबा बासुकीनाथ के दर्शन एवं जलार्पण का अवसर मिल रहा है।









