जामताड़ा: जनगणना 2027 के सफल एवं सुचारू संचालन के उद्देश्य से जिला जनगणना हस्तपुस्तिका (DCHB) के आंकड़ों के ऑनलाइन संकलन को लेकर बुधवार को एसजीएसवाई सभागार में एक दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित की गई। प्रशिक्षण में जनगणना कार्य निदेशालय, झारखंड, रांची से आए मुख्य प्रशिक्षक अधिकारियों ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को ऑनलाइन डेटा संग्रहण एवं प्रविष्टि की प्रक्रिया की जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि जनगणना 2027 के लिए DCHB के आंकड़ों का डिजिटल संकलन DCHB Mobile App एवं Web Portal के माध्यम से किया जाएगा। कार्यशाला में DCHB की संरचना, कार्यप्रणाली तथा Part-A और Part-B के तहत दर्ज किए जाने वाले आंकड़ों की जानकारी दी गई। गांव एवं शहरों की सामाजिक-आर्थिक स्थिति, मूलभूत सुविधाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, परिवहन, बैंकिंग, बिजली, संचार, स्वच्छता, भूमि उपयोग एवं शहरी नागरिक सुविधाओं से जुड़े प्रमाणिक आंकड़ों के संकलन की प्रक्रिया समझाई गई।
बताया गया कि चार्ज ऑफिसर की निगरानी में संबंधित कर्मियों को क्षेत्र आवंटित किए जाएंगे। क्षेत्रीय कर्मी भ्रमण कर मोबाइल ऐप अथवा वेब पोर्टल के माध्यम से आंकड़े दर्ज करेंगे। प्राप्त सूचनाओं का क्रॉस-वेरिफिकेशन एवं भौतिक सत्यापन भी किया जाएगा। कार्यशाला में प्रखंड विकास पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी, चार्ज जनगणना पदाधिकारी सहित संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।








