जामताड़ा, 22 अगस्त। जिले में विशेष ऑनलाइन क्लास कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। शनिवार को उपायुक्त आलोक कुमार ने संयुक्त सहकारिता भवन स्थित कार्यक्रम के लिए तैयार स्टूडियो का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने तकनीकी उपकरणों की क्रियाशीलता, इंटरनेट कनेक्टिविटी और अन्य आवश्यक संसाधनों की स्थिति देखी।
निरीक्षण के दौरान ऑनलाइन क्लास का ट्रायल भी किया गया, जिसमें जिले के करीब 40 उच्च विद्यालय ऑनलाइन माध्यम से जुड़े। उपायुक्त ने विद्यालयों से सीधा संवाद कर वीडियो और साउंड की गुणवत्ता तथा रियल टाइम रिस्पॉन्स की जानकारी ली। उन्होंने लाइव क्लास के दौरान बफरिंग और इंटरनेट संबंधी संभावित समस्याओं को लेकर नेट स्पीड टेस्ट कराया। निर्बाध कनेक्टिविटी के लिए डेडिकेटेड लेन केबल के माध्यम से मानक के अनुरूप इंटरनेट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि विशेष ऑनलाइन क्लास का उद्देश्य उच्च विद्यालयों के विद्यार्थियों को स्टेट बोर्ड सिलेबस के साथ इंजीनियरिंग, नीट और जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहयोग देना है। साथ ही कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को करियर काउंसलिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इससे जिले के शैक्षणिक वातावरण में गुणात्मक सुधार लाने में मदद मिलेगी।
इस दौरान उन्होंने जिला सहकारिता कार्यालय का भी निरीक्षण किया और कार्यालय की कार्यप्रणाली, कर्मियों की उपस्थिति समेत अन्य बिंदुओं की जानकारी लेते हुए निष्ठापूर्वक कार्य करने का निर्देश दिया।









