SIR 2026 की समीक्षा, कम प्रदर्शन वाले मतदान केंद्रों पर बढ़ाई जाएगी निगरानी
जामताड़ा। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम 2026 के तहत दावा एवं आपत्ति की सुनवाई तथा प्रपत्र 6, 7 और 8 के संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन कार्य की प्रगति की मंगलवार को समीक्षा की गई। कार्यालय प्रकोष्ठ में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने मतदान केंद्रवार कार्यों की स्थिति की जानकारी ली।
समीक्षा के दौरान कम प्रदर्शन वाले मतदान केंद्रों पर विशेष फोकस करते हुए कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। खराब प्रदर्शन करने वाले बीएलओ पर्यवेक्षकों को एक सप्ताह के भीतर प्रदर्शन में सुधार लाने की चेतावनी दी गई। निर्धारित अवधि में सुधार नहीं होने पर नियमानुसार कार्रवाई की बात कही गई।
अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि दावा एवं आपत्ति की सुनवाई निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से हो। पात्र मतदाताओं का नाम किसी भी स्थिति में दस्तावेजों के अभाव में नहीं हटे। जरूरत पड़ने पर मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेज तैयार करने में सहयोग करने को कहा गया।
SIR प्रक्रिया के दौरान जाति, आय और आवासीय प्रमाण पत्र के लिए बढ़ रहे आवेदनों को देखते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल अधिकारियों को नियमानुसार तथा समयबद्ध तरीके से प्रमाण पत्र जारी करने का निर्देश दिया गया। बैठक में संबंधित अधिकारी और बीएलओ पर्यवेक्षक मौजूद रहे।








