राजकीय शोक के चलते SIR सुनवाई स्थगित
जामताड़ा: झारखंड सरकार के मंत्री श्री सुदिव्य कुमार के आकस्मिक निधन के बाद राज्य सरकार ने 06 और 07 सितंबर को दो दिवसीय राजकीय शोक घोषित किया है। साथ ही 07 सितंबर को सरकारी अवकाश भी घोषित किया गया है। इसके मद्देनजर जामताड़ा जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के तहत 07 सितंबर को निर्धारित सुनवाई स्थगित कर दी गई है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आलोक कुमार ने बताया कि विभागीय निर्देश के आलोक में यह निर्णय लिया गया है। SIR के तहत जिन मतदाताओं की सुनवाई 07 सितंबर को निर्धारित थी, उन्हें अब निर्धारित तिथि पर उपस्थित होने की आवश्यकता नहीं होगी।
उन्होंने बताया कि स्थगित सुनवाई की अगली तिथि की जानकारी संबंधित मतदाताओं को बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) के माध्यम से अलग से दी जाएगी। प्रशासन ने सभी संबंधित मतदाताओं से अपील की है कि वे बीएलओ द्वारा दी जाने वाली अगली सूचना का इंतजार करें और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही आगे की कार्रवाई करें।
मतदाताओं से अपील की गई है कि वे इस संबंध में किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और आधिकारिक सूचना के आधार पर ही आवश्यक कदम उठाएं।








