जामताड़ा में एक साइबर अपराधी गिरफ्तार, चार मोबाइल और पांच सिम कार्ड बरामद
जामताड़ा: पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करमाटांड़ थाना क्षेत्र से एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर अपराध थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के सकलपुर से बरमुंडी जाने वाले रास्ते में भेलवाटांड़ स्थित पोखर के पास ट्रांसफॉर्मर पोल के समीप बांस झाड़ी में छापेमारी की। इस दौरान एक युवक को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बरमुंडी गांव निवासी महताब अंसारी (27 वर्ष), पिता मुख्तार अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से चार मोबाइल फोन और पांच सिम कार्ड बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी और उसके सहयोगी स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के क्रेडिट कार्ड बंद होने या नया कार्ड जारी होने का झांसा देकर लोगों से संपर्क करते थे। इसके बाद पीड़ित के मोबाइल में APK फाइल डाउनलोड करवाकर क्रेडिट कार्ड से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल कर साइबर ठगी की जाती थी। आरोपी का कार्यक्षेत्र देश के विभिन्न राज्यों में बताया गया है।
मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 55/26, दिनांक 06 सितंबर 2026 को संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।








