जामताड़ा में 57,877 किसानों के फसल बीमा आवेदनों को मंजूरी

खबर सुनने के लिए यहां पर दबाए

जामताड़ा में 57,877 किसानों के फसल बीमा आवेदनों को मंजूरी

जामताड़ा: खरीफ 2026 बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत जिला स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक समाहरणालय सभागार में आयोजित की गई। बैठक में फसल बीमा के आवेदनों, दस्तावेजों के सत्यापन और बीमित क्षेत्रफल की समीक्षा की गई।

जिले में धान और मक्का की फसलों के बीमा के लिए कुल 59,015 किसानों ने आवेदन किया था। इनमें धान के 55,856 और मक्का के 3,159 आवेदन शामिल हैं। इन आवेदनों के तहत कुल 39,675.32 हेक्टेयर क्षेत्र बीमा के लिए दर्ज किया गया।

बीमा कंपनी एसबीआई जनरल इंश्योरेंस और सहकारिता विभाग की जांच में 110 आवेदन दोहराव वाले तथा 1,028 आवेदन दस्तावेजी विसंगतियों के कारण चिह्नित किए गए। जांच के बाद 57,877 आवेदन वैध पाए गए, जिनमें 34,894 ऋणी और 22,983 गैर-ऋणी किसान शामिल हैं।

समीक्षा के बाद समिति ने 57,877 आवेदनों और 37,437.15 हेक्टेयर क्षेत्रफल को मंजूरी दी। इसमें अगहनी धान के 54,793 आवेदन और 36,550.22 हेक्टेयर क्षेत्रफल, जबकि भदई मक्का के 3,084 आवेदन और 886.92 हेक्टेयर क्षेत्रफल शामिल हैं।

बैठक में भूमि अभिलेखों और दस्तावेजों में मिली विसंगतियों के सत्यापन पर भी चर्चा हुई। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा, अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, जिला कृषि पदाधिकारी अनूप कुमार हेम्ब्रम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बीमा कंपनी के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

और पढ़ें