जामताड़ा में SIR की धीमी प्रगति पर नाराजगी, 2-3 दिनों में सुधार का निर्देश

खबर सुनने के लिए यहां पर दबाए

जामताड़ा में SIR की धीमी प्रगति पर नाराजगी, 2-3 दिनों में सुधार का निर्देश

 

जामताड़ा: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 की प्रगति को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आलोक कुमार की अध्यक्षता में एनआईसी सभागार में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी ईआरओ, एईआरओ और बीएलओ पर्यवेक्षकों के कार्यों की समीक्षा की गई।

 

समीक्षा के दौरान सामने आया कि जिले के दोनों विधानसभा क्षेत्रों में अब तक प्रपत्र-6 के कुल 8,502 आवेदन प्राप्त हुए हैं। कम प्रगति पर नाराजगी जताते हुए उपायुक्त ने अगले दो से तीन दिनों में कार्य में सुधार लाने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रत्येक मतदान केंद्र से कम से कम 20 प्रपत्र-6 का संग्रहण और डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करने को कहा।

 

उपायुक्त ने सभी एईआरओ को बीएलओ पर्यवेक्षकों के साथ साप्ताहिक समीक्षा बैठक करने और उसकी रिपोर्ट जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्यों में लापरवाही और अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

बैठक में सुनवाई प्रक्रिया, दस्तावेजों के सत्यापन और अंचल स्तर पर लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने पर भी जोर दिया गया। साथ ही ईआरओ को प्रत्येक 15 दिनों में SIR कार्यों की प्रगति की समीक्षा करने का निर्देश दिया गया।

 

बैठक में उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा, परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, अपर समाहर्ता पूनम कच्छप और उप निर्वाचन पदाधिकारी कयूम अंसारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

और पढ़ें