कृषि यंत्र वितरण योजना में कम आवेदन वाली श्रेणियों के लिए फिर निकलेगा विज्ञापन
जामताड़ा: वित्तीय वर्ष 2026-27 में कृषि यंत्र वितरण योजना के तहत पात्र किसानों और कृषक समूहों को अनुदान पर कृषि उपकरण उपलब्ध कराने को लेकर जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त आलोक कुमार ने की। इसमें आवेदन, सत्यापन और लाभुकों के चयन की प्रक्रिया की समीक्षा की गई।
बैठक में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत संचालित कृषि यंत्रीकरण उपमिशन (एसएमएएम) योजना पर चर्चा हुई। इसके अंतर्गत योग्य कृषक समूहों, महिला मंडलों, सीआईजी, एफआईजी और एफपीओ को ट्रैक्टर तथा सहायक कृषि उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जानकारी ली गई। साथ ही पात्र किसानों को अनुदान पर कृषि यंत्र देने के लिए प्राप्त आवेदनों की श्रेणीवार समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान जिन श्रेणियों में निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले कम आवेदन प्राप्त हुए हैं, उनमें दोबारा विज्ञापन प्रकाशित करने और व्यापक प्रचार-प्रसार कराने का निर्देश दिया गया। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र किसानों तक योजना की जानकारी पहुंचाना है।
उपायुक्त ने कहा कि योजना का लाभ पारदर्शी तरीके से और निर्धारित नियमों के अनुसार पात्र लाभुकों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कृषि कार्यों में आधुनिक तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देने तथा किसानों की उत्पादकता और कार्यक्षमता बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही सभी प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।
बैठक में भूमि संरक्षण पदाधिकारी सुशांत कण्डुलना, जिला कृषि पदाधिकारी अनूप कुमार हेम्ब्रम, जिला सहकारिता पदाधिकारी मनोज कुमार, जिला मत्स्य पदाधिकारी रितु रंजन और जेएसएलपीएस के डीपीएम राहुल रंजन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।







