जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकार समिति की बैठक संपन्न, 11 प्राकृतिक आपदा मामलों को मिली स्वीकृति
जामताड़ा: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं से संबंधित मामलों की समीक्षा कर आवश्यक निर्णय लिए गए।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने आपदा प्रभावित लाभुकों को प्रदान की जाने वाली अनुग्रह अनुदान राशि तथा उससे संबंधित आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आपदा राहत से जुड़े आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी आम लोगों तक पहले से पहुंचाई जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
समीक्षा के दौरान समिति के समक्ष विभिन्न अंचलों से प्राप्त कुल 11 मामलों को प्रस्तुत किया गया। इनमें सड़क दुर्घटना के 5, पानी में डूबने का 1, वज्रपात से पशु मृत्यु का 1, सर्पदंश का 1 तथा अतिवृष्टि से मकान क्षति के 3 मामले शामिल थे। समिति ने सभी अभिलेखों की समीक्षा कर नियमानुसार कार्रवाई एवं अनुग्रह सहायता प्रदान करने की स्वीकृति दी।
इसके अलावा बैठक में आपदा प्रबंधन कोषांग के कार्यों, प्राप्त आवंटन तथा आवंटन अधियाचना से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई। बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष दीपिका बेसरा, अपर समाहर्ता पूनम कच्छप सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।








