सीओ ने राजस्व कर्मियों के साथ की समीक्षा बैठक, लगान वसूली और लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश
कुंडहित (जामताड़ा):मंगलवार को प्रखंड कार्यालय में प्रभारी अंचलाधिकारी जमाले राजा की अध्यक्षता में अंचल कर्मियों के साथ राजस्व प्रशासन एवं राजस्व संग्रहण से संबंधित समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित राजस्व लक्ष्य की प्राप्ति, लगान वसूली की प्रगति तथा लंबित राजस्व मामलों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक के दौरान प्रभारी अंचलाधिकारी ने राजस्व कर्मियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप लगान वसूली में तेजी लाने तथा नियमित रूप से इसकी मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राजस्व संग्रहण सरकार की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में से एक है, इसलिए इसमें किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समीक्षा के क्रम में नीलाम वाद से संबंधित लंबित मामलों पर भी चर्चा की गई। उन्होंने संबंधित कर्मियों को लंबित मामलों में आवश्यक कार्रवाई करते हुए शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा जीएम लैंड सर्वे कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए गैर मजरुआ भूमि को चिन्हित कर उसकी अद्यतन सूची तैयार करने तथा सर्वे कार्य में तेजी लाने को कहा।प्रभारी अंचलाधिकारी ने सभी राजस्व कर्मियों को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि आम जनता से जुड़े मामलों का त्वरित निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।बैठक में अंचल निरीक्षक अरुण कुमार यादव, राजस्व उप निरीक्षक संदीप हेम्ब्रम सहित अंचल कार्यालय के सभी राजस्व कर्मी उपस्थित थे।








