उत्पाद विभाग की समीक्षा बैठक में अवैध शराब के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश
जामताड़ा: कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित उत्पाद विभाग की समीक्षा बैठक में जिले में राजस्व संग्रहण, अवैध शराब की रोकथाम तथा विभागीय कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में वार्षिक राजस्व लक्ष्य के अनुरूप संग्रहण सुनिश्चित करने तथा अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि अवैध शराब के विरुद्ध नियमित रूप से औचक छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। मई माह में हाईवे किनारे स्थित लाइन होटलों, ढाबों एवं अन्य स्थलों पर 22 छापेमारी की गई, जिसमें लगभग 177 लीटर अवैध शराब जब्त की गई। वहीं पिछले दो महीनों में कुल 324 लीटर अवैध शराब जब्त की गई है।
बैठक में गांधी मैदान, यज्ञ मैदान, बस स्टैंड सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष अभियान चलाने तथा ढाबों एवं होटलों में नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। जिले में संचालित 31 शराब दुकानों के संचालन, राजस्व लक्ष्य और निर्धारित मानकों के अनुपालन की भी समीक्षा की गई। दुकानों में निर्धारित ब्रांड के अनुरूप स्टॉक बनाए रखने तथा एक्सपायर शराब के विनष्टीकरण की प्रक्रिया नियमानुसार पूरी करने पर बल दिया गया। बताया गया कि 18 जून 2026 को विभिन्न कंपनियों के 955 केस बीयर का वीडियोग्राफी के साथ नियमानुसार विनष्टीकरण किया गया। बैठक में उत्पाद विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।








