जामताड़ा में साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार
जामताड़ा। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत करमाटांड़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने छापेमारी कर तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान छह मोबाइल फोन और चार सिम कार्ड भी बरामद किए गए हैं।
गुप्त सूचना के आधार पर गठित पुलिस टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के पारटोल गांव के पश्चिम स्थित बांस झुरमुट तथा ताराबहाल स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय परिसर में छापेमारी की। इस दौरान साइबर अपराध में संलिप्त तीन आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में समीम अंसारी, कैफ अंसारी और मुस्तकीम अंसारी शामिल हैं।
जांच में सामने आया कि दो आरोपी लोगों को Ease My Deal एप के माध्यम से PhonePe पर 1,999 रुपये कैशबैक का फर्जी संदेश भेजकर उसे स्वीकार करने के लिए कहते थे। जैसे ही ग्राहक संदेश स्वीकार करता था, राशि उनके खाते में पहुंच जाती थी। इसके बाद वे उस पैसे से गिफ्ट कार्ड खरीदकर कमीशन पर बेच देते थे।
वहीं तीसरा आरोपी खुद को बैंक प्रतिनिधि बताकर क्रेडिट कार्ड बंद होने और नया कार्ड जारी करने का झांसा देता था। वह लोगों के मोबाइल में एपीके फाइल डाउनलोड करवाकर क्रेडिट कार्ड संबंधी गोपनीय जानकारी हासिल कर साइबर ठगी को अंजाम देता था।
इस मामले में साइबर अपराध थाना में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।








