उत्पाद विभाग की समीक्षा बैठक: राजस्व संग्रहण तेज करने और अवैध शराब पर सख्ती के निर्देश
जामताड़ा। उपायुक्त की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय कार्यालय प्रकोष्ठ में उत्पाद विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वार्षिक राजस्व लक्ष्य के अनुरूप संग्रहण की प्रगति, अवैध शराब के विरुद्ध चल रही कार्रवाई तथा विभागीय कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में जून माह तक जिले में 72 अभियोग दर्ज किए गए हैं। इस दौरान 534 लीटर अवैध चुलाई शराब, 3105 किलोग्राम अवैध जावा महुआ, 114.565 लीटर अवैध देशी शराब, 159.63 लीटर बीयर, 60 किलोग्राम पंचवई तथा 45 लीटर सुषव जब्त किया गया है। साथ ही अनुसंधानाधीन मामलों, गिरफ्तार अभियुक्तों, फरार आरोपितों एवं अज्ञात अभियोगों की भी जानकारी प्रस्तुत की गई।
समीक्षा के दौरान अवैध शराब के विरुद्ध नियमित औचक छापेमारी अभियान जारी रखने, हॉटस्पॉट और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखने तथा कानून के अनुरूप सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। जिले में संचालित सभी 31 शराब दुकानों की स्थिति और राजस्व लक्ष्य की भी समीक्षा की गई। सभी दुकानों के संचालन को संतोषजनक बताया गया। अनुज्ञप्तिधारी दुकानों में निर्धारित ब्रांड के अनुरूप स्टॉक बनाए रखने तथा शराब की बिक्री निर्धारित एमआरपी से अधिक कीमत पर नहीं करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में उत्पाद विभाग के अधिकारी एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।








