15वें वित्त आयोग, पीएम-एबीएचआईएम एवं एनएचएम योजनाओं के स्वास्थ्य भवनों की प्रगति की समीक्षा
जामताड़ा: समाहरणालय सभागार में डिस्ट्रिक्ट लेवल कमिटी स्ट्रक्चर की बैठक आयोजित की गई, जिसमें 15वें वित्त आयोग, पीएम-एबीएचआईएम एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित स्वास्थ्य भवनों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तथा स्वास्थ्य उपकेंद्र भवनों के निर्माण कार्यों की भौतिक एवं वित्तीय स्थिति का आकलन किया गया।
समीक्षा के दौरान निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं, विशेष रूप से भूमि उपलब्धता, भूमि हस्तांतरण और उपयुक्त स्थल चयन से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। करमाटांड़, फतेहपुर, कुंडहित और नाला प्रखंडों में स्वास्थ्य भवनों के लिए पूर्व में चिन्हित स्थलों में परिवर्तन तथा भूमि संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए। अधिकारियों को विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप निर्माण कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने को कहा गया। साथ ही स्पष्ट किया गया कि कार्य में किसी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी जिम्मेदार होंगे और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में पीएम-एबीएचआईएम के अंतर्गत कार्यों की निगरानी के लिए कंसल्टेंट की प्रतिनियुक्ति की स्थिति की भी समीक्षा की गई। संबंधित विभाग को इस संबंध में आवश्यक पत्राचार कर शीघ्र प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, नगर पंचायत अध्यक्ष, सिविल सर्जन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।








