भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता खिरोद सिंह के निधन पर शोक, अंतिम दर्शन कर दी श्रद्धांजलि
जामताड़ा: कुंडहित मंडल के खजूरी गांव निवासी भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता खिरोद सिंह के आकस्मिक निधन पर भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने गहरा शोक व्यक्त किया। उनके निधन को नाला विधानसभा क्षेत्र और भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताया गया।
मौके पर पूर्व मंत्री सत्यानंद झा और भाजपा के पूर्व विधायक प्रत्याशी माधव चंद्र महतो ने संयुक्त रूप से श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि खिरोद सिंह संगठन के समर्पित, अनुशासित और कर्मठ कार्यकर्ता थे। उन्होंने लंबे समय तक संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और कार्यकर्ताओं को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विशेषकर युवा कार्यकर्ताओं के लिए वे प्रेरणास्रोत, मार्गदर्शक और अभिभावक के रूप में जाने जाते थे। संगठन के इतिहास, सिद्धांतों और जनसेवा की भावना से उन्होंने अनेक कार्यकर्ताओं को परिचित कराया तथा समय-समय पर अपने अनुभवों से उनका मार्गदर्शन किया।
उनका सरल व्यक्तित्व, मिलनसार स्वभाव और संगठन के प्रति अटूट समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा। उनके निधन से न केवल भाजपा परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र ने एक अनुभवी और समर्पित सामाजिक कार्यकर्ता को खो दिया है।
दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई तथा शोक संतप्त परिजनों और शुभचिंतकों को इस दुःख की घड़ी में संबल प्रदान करने की कामना की गई।मौके पर कुंडहित मंडल अध्यक्ष वरुण मंडल, पूर्व मंडल अध्यक्ष सजल दास,पूर्व मंडल अध्यक्ष जगबंधू घोष,कुंदन गोस्वामी, बाबूधन टुडू,फूचू सिंह,जीवन मंडल आदि मौजूद थे।








