स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के विरोध में 31 जुलाई को भाजपा का विशाल धरना
जामताड़ा। स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी और पुलिस प्रशासन के कथित रवैये के विरोध में भारतीय जनता पार्टी 31 जुलाई को जामताड़ा डीसी कार्यालय और एसपी कार्यालय के समक्ष विशाल धरना-प्रदर्शन करेगी। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के उद्देश्य से भाजपा जिला कार्यालय, बुडूडीह में जामताड़ा नगर की विशेष तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व मंत्री सत्यानंद झा बाटुल ने कहा कि हाल ही में जामताड़ा सदर अस्पताल में हुई घटना के बाद भाजपा जिला अध्यक्ष सहित आठ कार्यकर्ताओं पर अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों द्वारा मंत्री के दबाव में झूठा मुकदमा दर्ज कराया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा इस कथित दमनात्मक कार्रवाई के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगी।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 31 जुलाई के धरना-प्रदर्शन में हजारों कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए नगर के सभी वार्डों में जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा और लोगों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की जाएगी। बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष संतन मिश्रा, भाजपा नेता राजेंद्र राउत, जिला उपाध्यक्ष सुजाता सिंह, जिला मंत्री आभा आर्या, सह कार्यालय मंत्री पिंटू गुप्ता, किसान नेता अंजनी तिवारी, पूर्व जिला मंत्री राजेश यादव, नगर महामंत्री रथु दास, लखिन्द्र सिंह, मिथलेश बर्मन सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








