कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में विद्यालय प्रबंधन समिति की पहली बैठक आयोजित
जामताड़ा: कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, कुंडहित में शुक्रवार को विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) की पहली बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सुभद्रा बाउरी ने की, जबकि उपाध्यक्ष लालमोहन दास उपस्थित रहे। बैठक में समिति के सभी निर्वाचित अभिभावक सदस्य एवं पदेन सदस्यों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत सभी सदस्यों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत एवं सम्मान के साथ हुई, जिसके बाद बैठक की औपचारिक कार्यवाही प्रारंभ की गई।
बैठक में 15 अभिभावक सदस्य तथा पांच नामित सदस्यों सहित कुल 20 सदस्यों की उपस्थिति रही। समिति के निर्वाचित सदस्यों ने आपसी सहमति से अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का चयन किया। यह भी तय किया गया कि विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक प्रत्येक माह की 25 तारीख को नियमित रूप से आयोजित की जाएगी।
बैठक में विद्यालय के समग्र विकास, छात्राओं के पठन-पाठन, आवासीय व्यवस्था, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। छात्राओं द्वारा अनावश्यक रूप से मोबाइल फोन के माध्यम से अवकाश लेने की प्रवृत्ति को कम करने पर भी विचार-विमर्श हुआ। इसके अलावा मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा की बेहतर तैयारी के लिए विशेष कक्षाओं के संचालन का प्रस्ताव पारित किया गया। समिति के सदस्यों ने विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया। मौके पर विद्यालय की वार्डन डॉ नीलम कुमारी सहित अन्य मौजूद रहे।








