- जामताड़ा। समाहरणालय सभागार में तकनीकी विभागों के अंतर्गत संचालित योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में एनआरईपी, विशेष प्रमंडल, पथ, ग्रामीण कार्य विभाग, लघु सिंचाई, भवन, पीएचईडी, जल संसाधन और विद्युत विभाग की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी कार्य विभागीय नियमों एवं एकरारनामा के अनुरूप समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में रानीडीह स्टेडियम निर्माण से जुड़ी भूमि संबंधी बाधा दूर होने की जानकारी दी गई, जिसके बाद निर्माण कार्य अविलंब शुरू करने का निर्देश दिया गया। स्पष्ट किया गया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा तथा बड़ी योजनाओं के लिए कार्यपालक अभियंता की सीधी जिम्मेदारी तय की जाएगी। पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं की जांच दूसरी एजेंसी एवं संयुक्त तकनीकी टीम से कराने की भी बात कही गई।
ग्रामीण सड़क परियोजनाओं में धीमी प्रगति और लापरवाही बरतने वाले संवेदकों को काली सूची में डालने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। विद्युत व्यवस्था की समीक्षा में खराब ट्रांसफार्मरों को 24 घंटे के भीतर बदलने या दुरुस्त करने, बिजली चोरी रोकने के लिए नियमित अभियान चलाने तथा अत्यधिक बिजली बिल संबंधी शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।









