दुमका में कल्याण विभाग की योजनाओं और निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक में प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति को लेकर अहम निर्देश दिए गए। संबंधित अधिकारियों को सभी लंबित प्रक्रियाएं पूरी कर दो दिनों के अंदर सभी पात्र बच्चों को छात्रवृत्ति उपलब्ध कराने को कहा गया।
बैठक में छात्रवृत्ति के साथ छात्रावासों, आवासीय विद्यालयों, विद्यालय मरम्मत, स्मार्ट क्लास, आदिवासी कला केंद्र और स्वास्थ्य सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। निर्माणाधीन भवनों के शेष कार्य जल्द पूरा करने तथा तैयार भवनों को आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर संबंधित विभागों को हैंडओवर करने का निर्देश दिया गया।
आवासीय विद्यालयों में पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाएं हर समय उपलब्ध रखने पर भी जोर दिया गया। जिन विद्यालयों में स्मार्ट क्लास की सुविधा है, वहां उसका प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि विद्यार्थियों को इसका पूरा लाभ मिल सके।
आदिवासी कला केंद्रों को खाली नहीं रखने और स्थानीय जरूरतों के अनुसार उनके उपयोग की योजना तैयार करने का निर्देश दिया गया। साथ ही संविधान की धारा 275(1) के तहत संचालित योजनाओं की अद्यतन रिपोर्ट मांगी गई।
निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप काम नहीं करने वाले कुछ प्रखंड कल्याण पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण भी मांगा गया। अधिकारियों को योजनाओं का पारदर्शी क्रियान्वयन करते हुए निर्धारित समय-सीमा में लाभुकों तक लाभ पहुंचाने का निर्देश दिया गया।









