राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव 2026 के तहत दूसरी सोमवारी को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बासुकीनाथ स्थित मयूराक्षी कला मंच पर उपायुक्त अभिजीत सिन्हा और पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खेरवार ने मेला क्षेत्र में तैनात दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ ब्रीफिंग कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने अधिकारियों और कर्मियों को समय पर ड्यूटी स्थल पहुंचने तथा बिना सूचना पोस्ट नहीं छोड़ने का निर्देश दिया। किसी भी महत्वपूर्ण स्थिति की जानकारी तत्काल कंट्रोल रूम को देने और वहां से मिले निर्देशों पर तुरंत कार्रवाई करने को कहा गया।
एंट्री पॉइंट पर विशेष सतर्कता बरतते हुए श्रद्धालुओं को बड़े बैग और अनावश्यक सामान के साथ प्रवेश नहीं देने का निर्देश दिया गया। सभी निर्धारित रूट लाइनों का उपयोग कराने और चार पहिया वाहनों को निर्धारित मार्ग से ही संचालित कराने पर जोर दिया गया।
शिवगंगा में एनडीआरएफ और आपदा मित्रों को सुरक्षा सीमा पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। अग्निशमन उपकरणों के संचालन की जानकारी सभी कर्मियों को रखने तथा जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई के लिए तैयार रहने को कहा गया।
पुलिस अधीक्षक ने भीड़ बढ़ने की स्थिति में तत्काल समन्वय के साथ कार्रवाई करने और श्रद्धालुओं को अनावश्यक रूप से लंबी कतार में खड़ा न रखने पर जोर दिया। ब्रीफिंग के बाद उपायुक्त ने रूट लाइनों का निरीक्षण कर प्रवेश-निकास और श्रद्धालुओं की आवाजाही की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
प्रशासन का लक्ष्य दूसरी सोमवारी पर श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित जलार्पण का अनुभव उपलब्ध कराना है।









