विधानसभा अध्यक्ष रबिन्द्रनाथ महतो के प्रयास से शंकरपुर-कानाकेंद सड़क का हुआ निर्माण, ग्रामीणों में खुशी
निजाम खान
नाला। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत शंकरपुर से कानाकेंद तक 2.6 किलोमीटर मुख्य पथ का निर्माण पूरा होने से क्षेत्र के ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है। लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे ग्रामीणों के लिए यह सड़क आवागमन की सुविधा के साथ विकास की नई राह खोलने वाली साबित होगी।
इस महत्वपूर्ण सड़क निर्माण का श्रेय स्थानीय विधायक सह झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो के अथक प्रयासों को दिया जा रहा है। क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को प्राथमिकता के साथ सरकार के समक्ष रखने और विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने में उनकी सक्रिय भूमिका की ग्रामीण सराहना कर रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के निर्माण से शंकरपुर, कानाकेंद और आसपास के गांवों के लोगों को प्रखंड मुख्यालय, बाजार, विद्यालय, अस्पताल तथा अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंचने में काफी सुविधा होगी। बरसात के दिनों में खराब रास्ते के कारण होने वाली परेशानियों से भी अब लोगों को राहत मिलेगी ।
विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने क्षेत्र के विकास को हमेशा प्राथमिकता दी है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं को आगे बढ़ाने में उनकी सक्रियता से क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिली है। शंकरपुर-कानाकेंद सड़क भी उनके प्रयासों का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है। सड़क निर्माण से ग्रामीणों में खुशी है और लोगों ने विधायक के प्रति आभार जताया है।








