गांधी जयंती पर कुंडहित में चला स्वच्छता अभियान, रैली निकालकर लोगों को किया जागरूक
जामताड़ा: महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को कुंडहित प्रखंड मुख्यालय में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तहत स्वच्छता दिवस मनाया गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी मो. जमाले राजा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में स्वच्छता अभियान, जागरूकता रैली, पौधारोपण एवं स्वच्छता शपथ जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रखंड कार्यालय परिसर में साफ-सफाई के साथ हुई। इसमें प्रखंड स्तर की जल सहियाओं ने श्रमदान किया। इसके बाद कुंडहित बस स्टैंड और बाजार क्षेत्र में स्वच्छता रैली निकालकर लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया गया। रैली के माध्यम से एकल उपयोग वाले पॉलिथीन और प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की गई।
इस दौरान बीडीओ ने महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की तथा उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इसके बाद ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत प्रखंड परिसर में पौधारोपण किया गया।
कार्यक्रम में प्रखंड वॉश समन्वयक मो. रफिक हुसैन, स्वच्छताग्राही आशीष गोप सहित लगभग 60 जल सहियाओं ने भाग लिया।
वहीं, कुंडहित प्रखंड की सभी 15 पंचायतों में भी मुखिया, पंचायत सचिव, रोजगार सेवक, जल सहिया, सेविका एवं ग्रामीणों की सहभागिता से साफ-सफाई अभियान और विशेष ग्रामसभा का आयोजन किया गया।








