जामताड़ा के 722 मतदान केंद्रों पर आज लगेगा मेगा हेल्प डेस्क कैंप, एसआईआर को लेकर राजनीतिक दलों के साथ बैठक
जामताड़ा: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 को लेकर शुक्रवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आलोक कुमार की अध्यक्षता में विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में निर्वाचन आयोग के संशोधित कार्यक्रम की जानकारी देने के साथ पुनरीक्षण कार्य की प्रगति पर चर्चा की गई।
जिला प्रशासन की ओर से 10 अक्टूबर को जिले के 722 मतदान केंद्रों पर मेगा हेल्प डेस्क कैंप आयोजित किया जाएगा। इसमें नो-मैपिंग और तार्किक विसंगतियों के कारण नोटिस प्राप्त मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने तथा सत्यापन प्रक्रिया पूरी करने में सहायता दी जाएगी। साथ ही नए पात्र मतदाताओं के पंजीकरण के लिए प्रपत्र-6 और मतदाता सूची में त्रुटियों के सुधार के लिए प्रपत्र-8 से संबंधित कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन के अनुसार, जिले की दोनों विधानसभा क्षेत्रों में अब तक कुल 1,09,765 नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें से 27,489 नोटिसों की सुनवाई पूरी हो चुकी है। नाला विधानसभा क्षेत्र में 43,122 और जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र में 66,643 नोटिस जारी हुए हैं।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 30 नवंबर 2026 को किया जाएगा। उपायुक्त ने राजनीतिक दलों से अभियान में सहयोग करने की अपील की, ताकि कोई पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाया जा सके।









