नाला के मानव कुमार मंडल का 20 लाख रुपये के पैकेज पर चयन, विद्यालय में सम्मानित
जामताड़ा: आरके प्लस टू विद्यालय, नाला के पूर्व छात्र मानव कुमार मंडल का एनर्जिंग्स इंडिया मल्टीनेशनल कंपनी में 20 लाख रुपये के सालाना पैकेज पर चयन होने से विद्यालय में खुशी का माहौल है। मानव सत्र 2017-19 के जिला टॉपर रहे हैं। इस उपलब्धि पर विद्यालय की मॉर्निंग असेंबली में उन्हें शॉल ओढ़ाकर और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय के वरीय शिक्षक राजेश कुमार ने बताया कि मानव शुरू से ही मेहनती और नम्र स्वभाव के विद्यार्थी रहे हैं। उनका चयन आकांक्षा कार्यक्रम के लिए भी हुआ था, लेकिन लॉकडाउन के कारण कोचिंग बंद रहने से उन्हें स्वयं तैयारी करनी पड़ी। साधारण आर्थिक पृष्ठभूमि के बावजूद उन्होंने मेहनत जारी रखी और एनआईटी पटना के इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग में दाखिला लिया। वहां भी उन्होंने अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए ब्रांच टॉपर बनने का गौरव हासिल किया।
मानव के पिता साधन मंडल, निवासी मोहनपुर, ने बेटे की सफलता का श्रेय उसकी मेहनत और विद्यालय के शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया।
सम्मान समारोह में मानव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए संघर्ष, लगन और निरंतर मेहनत के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बच्चों को कठिन परिस्थितियों में भी लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। मानव की सफलता को विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया।









