त्योहारों को लेकर जामताड़ा पुलिस अलर्ट,एसपी शंभू कुमार सिंह के निर्देश पर जिलेभर में एंटी क्राइम वाहन जांच अभियान तेज
जामताड़ा: आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, अपराध नियंत्रण और सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए जामताड़ा पुलिस ने सोमवार को जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एंटी क्राइम वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक किया गया। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की गई।
पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना, आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना तथा सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
अभियान की निगरानी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जामताड़ा एवं नाला के साथ संबंधित क्षेत्रों के पुलिस निरीक्षकों ने की। विभिन्न थाना क्षेत्रों में वाहनों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की गई।
जामताड़ा पुलिस ने स्पष्ट किया कि आगामी त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और अपराध नियंत्रण के साथ यातायात नियमों का अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए वाहन जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।
पुलिस ने आम जनता और वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, वाहन चलाते समय आवश्यक दस्तावेज साथ रखें तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनें। पुलिस ने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आम लोगों का सहयोग जरूरी है।









