जामताड़ा में जनता दरबार में 50 से अधिक शिकायतों पर सुनवाई, कई मामलों का मौके पर हुआ समाधान
निजाम खान
जामताड़ा: जिला मुख्यालय स्थित उपायुक्त कार्यालय प्रकोष्ठ में सोमवार को आयोजित जनता दरबार में 50 से अधिक लोगों की समस्याएं सुनी गईं। उपायुक्त आलोक कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों के त्वरित निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
जनता दरबार में आवास योजना, मानदेय भुगतान, जमीन पर अवैध कब्जा, पेंशन, राशन वितरण, छात्र नामांकन, चौकीदार नियुक्ति, कन्यादान योजना और मंईयां सम्मान योजना समेत कई मामलों को उठाया गया। कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि अन्य मामलों को एक सप्ताह के भीतर निष्पादित कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया।
एक बुजुर्ग ने आवास उपलब्ध कराने की गुहार लगाई, जिस पर जांच कर नियमानुसार आवास योजना से जोड़ने की कार्रवाई करने को कहा गया। वहीं, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रपत्र-6 जमा नहीं लेने की शिकायत पर संबंधित पदाधिकारी को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
समाहरणालय परिसर से बाइक चोरी के मामले में पुलिस अधीक्षक से बात कर कार्रवाई करने को कहा गया। ससुराल से निकाली गई महिला की शिकायत पर भी उचित कार्रवाई का निर्देश दिया गया। माता-पिता को खो चुके दो बच्चों को स्पॉन्सरशिप योजना से जोड़ने तथा बैंक एफडी से संबंधित मामले में दो दिनों के भीतर प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। जनता दरबार प्रत्येक मंगलवार को सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक आयोजित किया जाता है।









