काठीकुंड की घटना पर सीता सोरेन ने जताया दुख, आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग
दुमका: दुमका जिले के काठीकुंड में नाबालिग छात्रा के साथ हुई घटना पर सीता सोरेन ने गहरा दुख और आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने घटना को गंभीर बताते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और दोष सिद्ध होने पर कड़ी सजा देने की मांग की है।
सीता सोरेन ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन से मामले में त्वरित कार्रवाई करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराकर स्पीडी ट्रायल सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिल सके।
उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग की। सीता सोरेन ने कहा कि बेटियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और महिलाओं तथा बच्चियों के खिलाफ होने वाले अपराधों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि ऐसे संवेदनशील मामलों में जनप्रतिनिधियों को पीड़ित परिवार के साथ खड़ा होना चाहिए और न्याय की मांग को मजबूती से उठाना चाहिए।
सीता सोरेन ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी केवल चुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि संकट की घड़ी में जनता का साथ देना भी उनका दायित्व है। उन्होंने प्रशासन से मामले में जल्द कार्रवाई कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की अपील की।









