झारखंड आंदोलनकारी आशिश तिवारी को मिला सम्मान
निजाम खान
जामताड़ा: गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग, झारखंड, रांची द्वारा चिन्हित जामताड़ा जिले के झारखंड आंदोलनकारियों के सम्मान में एसजीएसवाई प्रशिक्षण भवन सभागार में प्रमाण पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवीन्द्रनाथ महतो, उपायुक्त आलोक कुमार,पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह एवं अन्य गणमान्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
समारोह के दौरान जिले के कुल 124 झारखंड आंदोलनकारियों को प्रमाण पत्र एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर आंदोलनकारियों के राज्य निर्माण में दिए गए योगदान को स्मरण करते हुए उनके संघर्ष और समर्पण की सराहना की गई। वक्ताओं ने कहा कि झारखंड आंदोलनकारियों के अथक प्रयासों और बलिदान के कारण ही अलग राज्य का सपना साकार हो सका।
सम्मानित होने वालों में नाला प्रखंड के आशीष तिवारी भी शामिल रहे, जिन्हें प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आंदोलनकारी, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं आमजन उपस्थित रहे। समारोह का माहौल सम्मान और गौरव की भावना से ओत-प्रोत रहा।








