जिला सांख्यिकी कार्यालय की मासिक समीक्षा बैठक संपन्न, जन्म-मृत्यु निबंधन में तेजी लाने का निर्देश
जामताड़ा: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में जिला सांख्यिकी कार्यालय की मासिक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना-2027, जीवनांक सांख्यिकी, जन्म-मृत्यु निबंधन, डिजिटल जनरल क्रॉप एस्टीमेशन सर्वे तथा वर्षापात सहित विभिन्न विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने कृषि सांख्यिकी से संबंधित कार्यों तथा डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने पिछले वित्तीय वर्ष में खरीफ, भदई मकई और अगहनी धान की उपज दर से संबंधित विवरणों की भी समीक्षा की। जीवनांक सांख्यिकी की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने जिले में जन्म एवं मृत्यु निबंधन की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने सभी चिन्हित जन्म-मृत्यु निबंधन केंद्रों को पूर्ण रूप से कार्यशील बनाने का निर्देश दिया, ताकि आम लोगों को समय पर प्रमाण-पत्र उपलब्ध हो सके।
इसके अलावा निबंधकों की आईडी अपडेट करने तथा तकनीकी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जनगणना-2027 के प्रथम चरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए डेटा संग्रहण एवं प्रविष्टि से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
बैठक में जिला पंचायत राज पदाधिकारी पंकज कुमार रवि, जिला सहकारिता पदाधिकारी सुजीत कुमार सिंह तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।








