नशा मुक्ति को लेकर बागडेहरी थाना क्षेत्र में जागरूकता अभियान आयोजित
निजाम खान
जामताड़ा: एसपी शंभू कुमार सिंह के निर्देश पर बागडेहरी थाना क्षेत्र के उत्क्रमित उच्च विद्यालय आकना, उच्च विद्यालय सुद्राक्षीपुर, सटकी सहित विभिन्न गांवों में नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। थाना प्रभारी किशन कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में विद्यार्थियों, ग्रामीणों एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान लोगों को बताया गया कि शराब, तंबाकू, गांजा एवं अन्य मादक पदार्थों का सेवन न केवल स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है, बल्कि इससे परिवार, समाज और आर्थिक स्थिति पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। वक्ताओं ने कहा कि नशे की लत युवाओं के भविष्य को प्रभावित करती है तथा कई सामाजिक और आपराधिक समस्याओं को जन्म देती है।
अभियान के तहत विद्यार्थियों और ग्रामीणों को नशा मुक्त जीवन के महत्व की जानकारी देते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही लोगों से अपील की गई कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
थाना प्रभारी ने कहा कि नशा मुक्त समाज के निर्माण में पुलिस और जनता की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। जागरूकता और सामूहिक प्रयास से ही समाज को नशे की बुराइयों से मुक्त किया जा सकता है।








