कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गणेश चंद्र मित्र के निधन पर विधानसभा अध्यक्ष ने जताया शोक, सामाजिक योगदान को किया याद
जामताड़ा: नाला के कांग्रेस नेता एवं समाजसेवी गणेश चंद्र मित्र के निधन पर झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत गणेश चंद्र मित्र के निधन को समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
शोक संदेश में रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि गणेश चंद्र मित्र ने समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। विशेषकर निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविरों के आयोजन के माध्यम से उन्होंने जरूरतमंद और दृष्टिबाधित लोगों के जीवन में नई रोशनी लाने का सराहनीय कार्य किया। उनके प्रयासों से अनेक जरूरतमंद लोगों को लाभ मिला।
उन्होंने कहा कि गणेश चंद्र मित्र का समाज के प्रति समर्पण, जनकल्याण की भावना और क्षेत्र के लोगों के साथ आत्मीय संबंध हमेशा याद किए जाएंगे। उनके निधन से नाला क्षेत्र ने एक समर्पित समाजसेवी और संवेदनशील व्यक्तित्व को खो दिया है।
विधानसभा अध्यक्ष ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। साथ ही शोकाकुल परिजनों और शुभचिंतकों को इस कठिन समय में दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।








