जामताड़ा में ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
जामताड़ा: जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आलोक कुमार ने मंगलवार को समाहरणालय परिसर स्थित ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं जिले के वरीय अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, सुरक्षा बलों की तैनाती, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था तथा अग्निशमन उपकरणों की स्थिति का जायजा लिया गया। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं प्रोटोकॉल का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों का सुरक्षित रखरखाव बेहद महत्वपूर्ण है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक माह वेयरहाउस के बाहरी परिसर तथा प्रत्येक तीन माह में आंतरिक हिस्से का निरीक्षण किया जाता है। निरीक्षण के बाद जांच प्रतिवेदन मंत्रिमंडल निर्वाचन विभाग को भेजा जाता है।
मौके पर अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी कयूम अंसारी, अग्निशामक पदाधिकारी सुधीर कुमार सिंह सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।








