मुख्यमंत्री पशुधन योजना के लाभुकों का चयन एक सप्ताह में पूरा करने का निर्देश
रिपोर्ट:निजाम खान
जामताड़ा: समाहरणालय सभागार में बुधवार को मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए लाभुकों के चयन को लेकर जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के क्रियान्वयन, अनुश्रवण और विभिन्न डेयरी इकाइयों के लिए लाभुकों के चयन की प्रक्रिया की समीक्षा की गई।
बैठक में उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को विभागीय मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) एवं प्रकाशित विज्ञापन में निर्धारित शर्तों के अनुरूप योग्य और पात्र लाभुकों का चयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लाभुकों के चयन में सभी निर्धारित मानकों और प्रक्रियाओं का पालन किया जाए, ताकि योजना का लाभ सही लोगों तक पहुंच सके।
उन्होंने प्रखंड स्तरीय समितियों को निर्देश दिया कि निर्धारित प्रक्रिया पूरी करते हुए योग्य लाभुकों की अनुशंसा जिला स्तरीय समिति को भेजें। साथ ही लाभुकों के चयन की प्रक्रिया एक सप्ताह के भीतर पूरी करने को कहा गया।
मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत पात्र लोगों को अनुदानित दर पर पशुधन, डेयरी इकाइयों और संबंधित उपकरणों का लाभ दिया जाता है। इसका उद्देश्य पशुपालन एवं दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देकर ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत करना और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
बैठक में उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा, नाला विधायक प्रतिनिधि परेश यादव, जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. शैलेंद्र प्रसाद, जिला गव्य विकास पदाधिकारी बिपिन कुमार, जेएसएलपीएस के डीपीएम राहुल रंजन सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।





