जामताड़ा में आयुष विभाग की समीक्षा बैठक, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने पर जोर

खबर सुनने के लिए यहां पर दबाए

जामताड़ा में आयुष विभाग की समीक्षा बैठक, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने पर जोर

 

जामताड़ा: समाहरणालय सभागार में बुधवार को उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला आयुष विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयुष विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, रिक्त पदों पर नियुक्ति, मानदेय भुगतान और स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन की विस्तृत समीक्षा की गई।

 

बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आयुष चिकित्सा पद्धति के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लोगों तक उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने सभी प्रखंडों में नियमित रूप से स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने तथा उनके सफल क्रियान्वयन के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।

 

उन्होंने कहा कि आयुष चिकित्सा सेवाओं को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करना आवश्यक है। इसके साथ ही आयुष विभाग को स्वास्थ्य विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य करने का निर्देश दिया गया, ताकि जिले के अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।

 

बैठक में उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा, परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, सिविल सर्जन डॉ. एसके मिश्रा, जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अवधनाथ यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

और पढ़ें