बैरिया गोदाम में 13 हजार क्विंटल से अधिक खाद्यान्न की कमी, उच्चस्तरीय जांच की मांग
जामताड़ा: झारखंड प्रदेश फेयर प्राइस शॉप डीलर्स एसोसिएशन ने पलामू जिले के मेदिनीनगर स्थित बैरिया गोदाम में खाद्यान्न की कथित कमी के मामले में निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष मोहन प्रसाद और प्रदेश मीडिया प्रभारी देव कुमार साव ने संयुक्त रूप से यह जानकारी दी।
एसोसिएशन के अनुसार, गोदाम में कुल 13,095.247 क्विंटल खाद्यान्न की कमी का मामला सामने आया है। इसमें 11,544.947 क्विंटल चावल और 1,550.300 क्विंटल गेहूं शामिल हैं। ज्ञापन में इस कमी के एवज में 5,23,80,988 रुपये की वसूली के आधिकारिक आदेश का भी उल्लेख किया गया है।
एसोसिएशन ने 20 अक्टूबर 2026 को पत्रांक FPSDA-22 के माध्यम से राज्य सरकार के खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग के सचिव को ज्ञापन सौंपा। इसमें बताया गया कि झारखंड राज्य खाद्य एवं असैनिक आपूर्ति निगम लिमिटेड, पलामू के जिला प्रबंधक ने 25 मई 2026 को जारी पत्र में खाद्यान्न की कमी का उल्लेख किया था।
एसोसिएशन ने वसूली आदेश के अनुपालन की स्थिति स्पष्ट करने, जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और सरकारी खाद्यान्न की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही खाद्य आपूर्ति मंत्री एवं मुख्यमंत्री से मामले में आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की है।





