कड़ी सुरक्षा एवं निगरानी के बीच शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त वातावरण में जेटेट परीक्षा हुई संपन्न
जामताड़ा: जिले में झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) 2026 रविवार को कड़ी सुरक्षा एवं निगरानी के बीच शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई। जिले के सभी 20 परीक्षा केंद्रों पर निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से परीक्षा का संचालन किया गया।
परीक्षा दो पालियों में आयोजित हुई। प्रथम पाली में उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा छह से आठ) के लिए कुल 5984 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें 5373 उपस्थित और 611 अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में प्राथमिक स्तर (कक्षा एक से पांच) के लिए 2772 परीक्षार्थियों में से 2595 शामिल हुए, जबकि 177 अनुपस्थित रहे। इस प्रकार दोनों पालियों में कुल 7968 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी।
परीक्षा के सफल संचालन को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं समाहरणालय स्थित जिला नियंत्रण कक्ष भी पूरे समय सक्रिय रहा। अपर समाहर्ता सह वरीय नोडल पदाधिकारी के नेतृत्व में नियंत्रण कक्ष से परीक्षा की लगातार निगरानी की गई।
परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न होने पर जिला प्रशासन ने सभी पदाधिकारियों, पुलिसकर्मियों, केंद्राधीक्षकों, वीक्षकों, कर्मियों और मीडिया प्रतिनिधियों के सहयोग एवं समन्वय के प्रति आभार जताया।









