जामताड़ा में स्थापना एवं अनुकंपा समिति की बैठक, नियुक्ति और सेवा संबंधी मामलों की हुई समीक्षा

खबर सुनने के लिए यहां पर दबाए

जामताड़ा में स्थापना एवं अनुकंपा समिति की बैठक, नियुक्ति और सेवा संबंधी मामलों की हुई समीक्षा

 

जामताड़ा: जिला प्रशासन की ओर से सोमवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला स्थापना, अनुकंपा एवं जिला चौकीदार स्थापना/अनुकंपा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त आलोक कुमार ने की। इस दौरान कर्मचारियों के स्थानांतरण, प्रतिनियुक्ति, सेवा संपुष्टि, एसीपी/एमएसीपी और अनुकंपा पर नियुक्ति से जुड़े विभिन्न मामलों की समीक्षा की गई।

 

जिला अनुकंपा समिति की बैठक में अनुकंपा पर नियुक्ति के पांच मामलों पर विचार-विमर्श हुआ। इनमें एक मामले में दस्तावेजों की कमी को एक सप्ताह के भीतर दूर करने का निर्देश दिया गया, जबकि शेष चार मामलों को आवश्यक अनुशंसा के साथ विभाग भेजने का निर्णय लिया गया। वहीं, एसीपी/एमएसीपी के एक मामले में तिथि संशोधन को लेकर निर्देश दिए गए।

 

उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र कर्मचारियों के सेवा संपुष्टि एवं एसीपी/एमएसीपी से जुड़े मामलों को बिना अनावश्यक विलंब के समिति के समक्ष प्रस्तुत करें। अनुकंपा नियुक्ति से संबंधित दस्तावेजी प्रक्रिया भी शीघ्र पूरी करने को कहा।

 

जिला चौकीदार स्थापना/अनुकंपा समिति की बैठक में एसीपी/एमएसीपी के 28, सेवा संपुष्टि के दो तथा अनुकंपा नियुक्ति के तीन मामलों की समीक्षा की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

और पढ़ें