जनता दरबार में 40-45 फरियादियों की समस्याएं सुनीं, एक सप्ताह में निष्पादन का निर्देश

खबर सुनने के लिए यहां पर दबाए

जनता दरबार में 40-45 फरियादियों की समस्याएं सुनीं, एक सप्ताह में निष्पादन का निर्देश

जामताड़ा: समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय प्रकोष्ठ में मंगलवार को आयोजित जनता दरबार में जिलेभर से पहुंचे 40 से 45 फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं। इस दौरान सरकारी जमीन पर अतिक्रमण, राशन कार्ड से नाम कटने, पेयजल संकट, आवास योजना, पीएम किसान, आयुष्मान योजना, बिजली बिल, भूमि विवाद, पेंशन, बैंक खाता होल्ड होने और भू-अर्जन मुआवजे सहित कई मामले सामने आए।

 

प्राप्त शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए एक सप्ताह के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने और इसकी रिपोर्ट उपायुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। वहीं कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया।

 

जनता दरबार में एक दिव्यांग युवक ने आधार कार्ड नहीं बनने के कारण सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलने की शिकायत की। इस पर संबंधित पदाधिकारी को तत्काल आधार नामांकन कराने तथा नियमानुसार दिव्यांगता प्रमाण पत्र और पेंशन योजना से जोड़ने की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया।

 

वहीं राशन कार्ड से इनकम टैक्स पेयर बताकर नाम हटाने और डीलर द्वारा राशन नहीं देने की शिकायत पर जांच के निर्देश दिए गए। पीएम किसान योजना में अपात्र लोगों को लाभ मिलने के आरोप की भी जांच कर कार्रवाई करने को कहा गया।

 

इस दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि आम लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े। सभी शिकायतों का संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें।

 

उल्लेखनीय है कि प्रत्येक मंगलवार को पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक जनता दरबार आयोजित किया जाता है, जिसमें आम नागरिक अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रख सकते हैं।

और पढ़ें