विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के तहत आईटीआई में कार्यशाला, युवाओं को नेतृत्व और नवाचार के लिए किया प्रेरित

खबर सुनने के लिए यहां पर दबाए

विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के तहत आईटीआई में कार्यशाला, युवाओं को नेतृत्व और नवाचार के लिए किया प्रेरित

जामताड़ा: औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), जामताड़ा में मंगलवार को ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ के तहत विशेष जागरूकता एवं संवादात्मक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा एवं अन्य अधिकारियों ने किया। इसमें संस्थान के प्रशिक्षार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

 

मौके पर उप विकास आयुक्त ने कहा कि कार्यशाला का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, नवाचार, रचनात्मक सोच, निर्णय लेने की क्षमता और राष्ट्र निर्माण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। उन्होंने युवाओं से अपने तकनीकी कौशल एवं व्यावहारिक ज्ञान का बेहतर उपयोग कर समाज और देश के विकास में योगदान देने की अपील की।

 

उन्होंने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के राष्ट्रीय संकल्प में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी प्रकाश डाला।

 

कार्यशाला में समूह चर्चा, प्रश्नोत्तर सत्र, विचार-विमर्श और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से प्रशिक्षार्थियों को अपने विचार एवं सुझाव रखने का अवसर मिला। इस दौरान कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार, उद्यमिता और आत्मनिर्भरता जैसे विषयों पर चर्चा की गई।

 

माई भारत की उप निदेशक उतरा विश्वास ने भी प्रशिक्षार्थियों को प्रेरित करते हुए विकसित भारत के संकल्प को जन आंदोलन बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

 

मौके पर जिला नियोजन पदाधिकारी मो. जावेद अंसारी, प्रभारी प्राचार्य दिलीप कुमार सहित संस्थान के सभी प्रशिक्षण अधिकारी उपस्थित रहे।

और पढ़ें