आसनलिया गांव में कृषक पाठशाला आयोजित, किसानों को सरसों की वैज्ञानिक खेती का दिया गया प्रशिक्षण
जामताड़ा: कुंडहित प्रखंड के आसनलिया गांव में कृषक पाठशाला का आयोजन कर किसानों को सरसों की वैज्ञानिक खेती के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से अवगत कराना और सरसों की पैदावार एवं उत्पादन क्षमता में वृद्धि करना था।
प्रशिक्षण के दौरान किसानों को सरसों की उन्नत किस्मों का चयन, खेत की तैयारी, बीजोपचार, संतुलित उर्वरक प्रबंधन और समय पर बुवाई की जानकारी दी गई। इसके अलावा बेहतर उत्पादन के लिए उचित सिंचाई, खरपतवार नियंत्रण तथा कीट एवं रोगों के प्रभावी प्रबंधन के तरीके भी बताए गए।
कार्यक्रम का संचालन प्रखंड तकनीकी प्रबंधक सुजीत कुमार सिंह एवं सहायक तकनीकी प्रबंधक अमीर हेम्ब्रम ने किया। प्रशिक्षक टिंकू एवं हरिदास हेंब्रम ने किसानों को वैज्ञानिक तकनीकों और आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि खेती में उन्नत तकनीकों का इस्तेमाल कर कम लागत में बेहतर उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है।
प्रशिक्षण में राहुल कोरा, मोती कोरा, संदीप कोरा, सबिता कोरा, रूपाली कोरा एवं रितारानी कोरा सहित बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया। कृषक पाठशाला के माध्यम से किसानों को वैज्ञानिक तरीके से खेती करने और कृषि उत्पादन बढ़ाने के प्रति जागरूक किया गया।








