मसानजोर जलाशय में 5.78 लाख मत्स्य अंगुलिकाओं का संचयन, मछुआरों की आय बढ़ाने पर जोर

खबर सुनने के लिए यहां पर दबाए

मसानजोर जलाशय में 5.78 लाख मत्स्य अंगुलिकाओं का संचयन, मछुआरों की आय बढ़ाने पर जोर

दुमका: जिले में मत्स्य उत्पादन को बढ़ावा देने और स्थानीय मछुआरों की आजीविका मजबूत करने के उद्देश्य से तालाब तथा जलाशय मत्स्य विकास एवं जीर्णोद्धार योजना के तहत मसानजोर जलाशय में करीब 5.78 लाख मत्स्य अंगुलिकाओं का संचयन किया गया। इसमें रोहू, कतला और मृगल प्रजाति की 4.28 लाख तथा ग्रास कार्प प्रजाति की 1.50 लाख अंगुलिकाएं शामिल हैं।

 

इस पहल का उद्देश्य जल संसाधनों का बेहतर उपयोग कर स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के अवसर बढ़ाना, विशेषकर विस्थापित परिवारों को आजीविका से जोड़ना और मछुआरों की आय दोगुनी करने की दिशा में प्रयास करना है।

 

मसलिया के प्रखंड विकास पदाधिकारी अजफर हसनैन ने कहा कि योजना के सफल क्रियान्वयन से जिले में मछली उत्पादन बढ़ेगा और मत्स्य पालन के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता आएगी। इससे सरकार की नीली क्रांति की परिकल्पना को भी मजबूती मिलेगी।

 

जिला मत्स्य पदाधिकारी ने मत्स्य पालकों को तकनीकी एवं वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने मछुआरों से वैज्ञानिक पद्धति अपनाकर आधुनिक तकनीक का लाभ लेने की अपील की।

 

गौरतलब है कि जिले के विभिन्न जलाशयों में कुल 33 लाख मत्स्य अंगुलिकाओं के संचयन का लक्ष्य निर्धारित है। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और मत्स्य पालक उपस्थित थे।

और पढ़ें