बागडेहरी थाना परिसर में विधानसभाध्यक्ष ने किया नए ट्रांसफॉर्मर का उद्घाटन, बिजली संकट से मिलेगी राहत
जामताड़ा: नाला विधानसभा क्षेत्र के कुंडहित प्रखंड अंतर्गत बागडेहरी थाना परिसर में नए विद्युत ट्रांसफॉर्मर का विधिवत उद्घाटन किया गया। इसके चालू होने से थाना परिसर में लंबे समय से बनी बिजली की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि थाना परिसर में ट्रांसफॉर्मर की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पुलिसकर्मियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। बिजली की अनियमित आपूर्ति से थाना के दैनिक कार्यों के संचालन में भी बाधा उत्पन्न होती थी। विशेषकर रात के समय अंधेरे के कारण पुलिस प्रशासन को कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
नए ट्रांसफॉर्मर के उद्घाटन के बाद थाना परिसर में बिजली आपूर्ति बेहतर होने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। इससे पुलिसकर्मियों को अपने दैनिक कार्यों के निष्पादन, सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा प्रशासनिक गतिविधियों के संचालन में सहूलियत मिलेगी।
इस पहल से स्थानीय स्तर पर एक लंबे समय से चली आ रही मूलभूत समस्या का समाधान हुआ है। क्षेत्र में बिजली, सड़क, पेयजल सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में प्रयासों को जनहित के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उद्घाटन कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष के अलावा बागडेहरी के थाना प्रभारी किशन कुमार ,फतेहपुर के झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अशोक महतो,कुंडहित के झामुमो प्रखंड अध्यक्ष ऑफिसर हेंब्रम,बीरबल आदि मौजूद थे।









