जामताड़ा में शांतिपूर्ण माहौल में आयोजित हुई शिक्षक पात्रता परीक्षा, डीसी-एसपी ने किया केंद्रों का निरीक्षण
जामताड़ा। जिले में झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) 2026 रविवार को शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में आयोजित की जा रही है। परीक्षा के निष्पक्ष और पारदर्शी संचालन को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने वरीय अधिकारियों के साथ विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जेबीसी जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, एडवर्ड इंग्लिश स्कूल तथा उत्क्रमित उच्च विद्यालय, पबिया स्थित परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से परीक्षा की निगरानी व्यवस्था देखी और परीक्षार्थियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया।
केंद्रों पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, केंद्राधीक्षकों एवं कर्मियों को पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ जिम्मेदारी निभाने को कहा गया। साथ ही स्पष्ट किया गया कि परीक्षा की शुचिता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
जिले के कुल 20 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जा रही है। प्रथम पाली में उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा छह से आठ) के लिए पंजीकृत 5984 परीक्षार्थियों में से 5373 उपस्थित रहे, जबकि 611 अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली की परीक्षा जारी थी।
इस दौरान आईटीडीए के परियोजना निदेशक, पुलिस उपाधीक्षक, एसडीपीओ सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।







