प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से ग्रामीण क्षेत्रों को मिलेगी नई सौगात, 4.6 किलोमीटर सड़क का विधानसभाध्यक्ष और दुमका सांसद करेंगे शिलान्यास
जामताड़ा: ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर बनाने और विकास को गति देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत 4.600 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास 5 नवंबर 2026, गुरुवार को किया जाएगा।
यह सड़क धँसनिया (भातुडीह) से आमशहरी वाया फूलशहरी-कालूडीह तक बनाई जाएगी। शिलान्यास कार्यक्रम में झारखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं नाला विधायक रवीन्द्र नाथ महतो तथा दुमका लोकसभा क्षेत्र के सांसद नलिन सोरेन मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम दोपहर 2 बजे आयोजित होगा।
सड़क निर्माण से क्षेत्र के कई ग्रामीण इलाकों को बेहतर सड़क संपर्क का लाभ मिलेगा। लंबे समय से आवागमन की सुविधा को बेहतर बनाने की जरूरत महसूस कर रहे ग्रामीणों के लिए यह योजना महत्वपूर्ण साबित होगी।
इस सड़क के बनने से विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज पहुंचने, मरीजों को अस्पताल ले जाने तथा किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सहूलियत होगी। इसके अलावा स्थानीय व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
ग्रामीण आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में यह पहल क्षेत्र के विकास को नई गति देने के साथ ग्रामीणों के लिए आवागमन को अधिक सुगम बनाएगी।







